अखराभाठा गार्डन में शान से फहराया तिरंगा, नगर पालिका अध्यक्ष ने की श्री सिद्ध हनुमान शक्ति परिवार के प्रयासों की सराहना

विशेष संवाददाता/न्यूज डेस्क
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज 15 अगस्त को श्री सिद्ध हनुमान शक्ति परिवार द्वारा अखराभाठा गार्डन में गरिमामय ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सफाई और देखरेख के लिए समिति को सौंपे गए इस गार्डन में आयोजित समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर अग्रवाल जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
समिति और मोहल्लेवासियों का दिखा उत्साह
गार्डन की जिम्मेदारी मिलने के बाद श्री सिद्ध हनुमान शक्ति परिवार के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सुबह 9 बजे तक ही कार्यक्रम स्थल को तिरंगे के रंगों में सजा लिया था। इस पुनीत कार्य में समिति के सदस्य कोंडके मौर्य, अमित, सुनीता तम्बोली, रिंकू, पुष्पा निर्मलकर, सोनू देवांगन, महेन्द्र गबेल, संध्या वैष्णव, भावना देवांगन, पप्पू खर्रा, गौरव यादव, पप्पू खर्रा 2, सुरेश देवांगन, हुताशन देवांगन सहित अन्य सदस्यों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई। राष्ट्रीय पर्व के इस उल्लास में शामिल होने के लिए मोहल्ले के महिला, पुरुष और बच्चे भी भारी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर एकत्रित हुए।
अतिथियों का स्वागत और विधिवत शुभारंभ
मुख्य अतिथि श्री श्यामसुंदर अग्रवाल जी के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही आयोजन समिति और मोहल्लेवासियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ पार्षद गण रामवसजीवन, हुलास, पिंटू, गोविंद, सोनी सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे। अतिथियों को ससम्मान मंच तक लाया गया, जहाँ उन्होंने भारत माता और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष दीप व अगरबत्ती प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात श्रीफल तोड़कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।
ध्वजारोहण और देशभक्ति का माहौल
मुख्य अतिथि द्वारा मंच से शान से तिरंगा फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात् राष्ट्रगान गाया गया और ‘वंदे मातरम’ के गीतों के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। उपस्थित जनसमूह द्वारा लगाए गए जयकारों से कार्यक्रम में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ।
मुख्य अतिथि का संबोधन: “भविष्य में दर्शनीय बनेगा यह गार्डन”
अपने संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्यामसुंदर अग्रवाल ने श्री सिद्ध हनुमान शक्ति परिवार की लगन और मेहनत की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने प्रांगण की वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि, “भले ही अभी यह जगह उजड़ी हुई, पानी से भरी और कीचड़युक्त दिख रही है, लेकिन श्री हनुमान मंदिर परिवार की लगन से आने वाले समय में यह एक देखने लायक सुंदर गार्डन बनेगा। भले ही यह प्रथम वर्ष है और वर्तमान स्थिति कैसी भी हो, आगे की स्थिति बिल्कुल अलग और बेहतर होगी।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित एक-दो अन्य पार्षदों ने भी अपने संक्षिप्त संबोधन में समिति के कार्यों की सराहना की और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरा कार्यक्रम हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ बूंदी के मिठास के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।














